Aacharan News
टीकमगढ़• 8 days ago Breaking

टीकमगढ़: देवी पंडाल में गाने बजाने को लेकर विवाद, पड़ोसी ने युवक की तलवार से काटकर की निर्मम हत्या

14 October 2026 • 07:54 am

टीकमगढ़ शहर के भगतनगर में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देवी पंडाल में गाने बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार (तलवार) से काटकर हत्या कर दी गई। परिजन गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गाने बजाने की जिद में किया हमला

देहात थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि मृतक की पहचान 22 साल के राजेंद्र वंशकार के रूप में हुई है और हत्या का आरोप पड़ोस में ही रहने वाले कैलाश अहिरवार पर है। जानकारी के अनुसार, पंडाल में कैलाश अपने मोबाइल से गाने बजाने की जिद कर रहा था। जब राजेंद्र ने गाने बजाए, तो कैलाश गुस्से में तमतमाता हुआ अपने घर गया और तलवार लाकर राजेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जांच में दोनों के बीच किसी पुराने विवाद की बात भी सामने आ रही है।

ज्यादा खून बहने से गई जान, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर अश्वनी बामोरिया ने बताया कि मृतक राजेंद्र के सिर, पीठ और हाथ पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। शरीर से बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण ही उसकी मौत हुई है। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी कैलाश अहिरवार को रात में ही हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। बुधवार को पुलिस द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है।