Aacharan News
छतरपुर • 7 days ago Breaking

छतरपुर: अजयपार धाम के बाबा के पैरों से लिपटा सांप, अस्पताल में भर्ती; बागेश्वर धाम की तरह लगाते हैं दिव्य दरबार

15 October 2026 • 08:42 am

छतरपुर के अजयपार धाम से जुड़े बाबा करण कुशवाहा के पैरों में बुधवार शाम एक सांप के लिपटने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद घबराए परिजन सुरक्षा के लिहाज से उन्हें तुरंत शहर के क्रिश्चियन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एहतियात के तौर पर उन्हें 12 घंटे की निगरानी में रखा गया है।

ध्यान के दौरान पैरों से लिपटा सांप

करण के सेवादार आशीष कुशवाहा ने बताया कि घटना के समय बाबा करण ध्यान में लगे हुए थे। जब वे मंदिर में दर्शन करने गए, तभी अचानक उनके पैरों के पास एक सांप आ गया और उनके पैरों से लिपट गया। सांप के लिपटने की घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में आ गए और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले गए।

डॉक्टरों ने कहा- काटने के सबूत नहीं, बाबा पूरी तरह स्वस्थ

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने राहत की खबर दी है। आशीष कुशवाहा के मुताबिक, डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल करण के शरीर पर सांप के काटने के कोई निशान या सबूत नहीं मिले हैं। करण पूरी तरह से स्वस्थ हैं, अच्छे से बातचीत कर रहे हैं और सभी को पहचान भी रहे हैं।

धीरेंद्र शास्त्री की तरह लगाते हैं दिव्य दरबार

गौरतलब है कि करण कुशवाहा छतरपुर के अजयपार धाम से जुड़े हैं और उनकी कार्यशैली काफी चर्चित है। वे भी बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तरह ही अपना 'दिव्य दरबार'लगाते हैं।