Aacharan News
चुनाव 26 days ago

दतिया उपचुनाव से पहले बीजेपी को झटका, पार्षद माला टिलवानी की बेटी ज्योत्सना कांग्रेस में शामिल

28 July 2026 08:04 pm

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक झटका लगा है। बीजेपी पार्षद माला टिलवानी की बेटी ज्योत्सना टिलवानी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

ज्योत्सना टिलवानी के दिवंगत पिता लक्खा टिलवानी शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी और बीजेपी पार्षद रहे थे। उनकी मां माला टिलवानी वर्तमान में वार्ड नंबर चार से बीजेपी पार्षद हैं और भाजपा महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री मानी जाती हैं।

वार्ड नंबर चार में टिलवानी परिवार का अच्छा प्रभाव बताया जाता है। ऐसे में उपचुनाव से पहले ज्योत्सना टिलवानी का कांग्रेस में शामिल होना बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक नुकसान माना जा रहा है। फिलहाल इस घटनाक्रम पर बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।