Aacharan News
पन्ना• 7 days ago Breaking

पन्ना: जांच टीम के सामने स्कूल में फिर भिड़ीं शिक्षिकाएं, बुलानी पड़ी पुलिस; पहले भी हुई थी मारपीट

15 October 2026 • 10:16 am

पन्ना जिले के बृजपुर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक शाला में शिक्षकों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा गठित जांच टीम के सामने ही स्कूल में एक बार फिर शिक्षिकाएं आपस में भिड़ गईं और जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद हालात संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।

1 अक्टूबर को शुरू हुआ था विवाद

यह पूरा विवाद 1 अक्टूबर 2026 को एक नोटिस देने के दौरान शुरू हुआ था। आरोप है कि शिक्षिका रजनी सोनी ने शिक्षक अशोक कुमार ओमरे और शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी के साथ अभद्रता और हाथापाई की थी। यह घटना स्कूल के भृत्य अरविंद कुमार गोंड की मौजूदगी में हुई थी। इस घटना के बाद से पीड़ित शिक्षक अशोक कुमार ओमरे और शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी इतने डरे हुए थे कि वे अपनी मूल शाला जाने से भी बच रहे थे।

DEO ने बनाई 5 सदस्यीय जांच टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना के जिला शिक्षा अधिकारी ने 5 सदस्यों की एक जांच टीम का गठन किया। इस जांच समिति में अशोक कुमार मिश्र, जान्हवी खरे, दर्शना साल्वे, भारती श्रीवास्तव और पुष्पराज सिंह परमार शामिल हैं। जैसे ही यह जांच टीम स्कूल पहुंची, वहां फिर से हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान शिक्षिका रजनी सोनी ने भी स्टाफ पर खुद को परेशान करने का आरोप लगाया।

सभी पक्षों के दर्ज किए जा रहे बयान

जांच अधिकारी पुष्पराज सिंह परमार ने बताया कि 1 अक्टूबर की घटना की जांच के लिए DEO पन्ना द्वारा गठित टीम स्कूल पहुंची है। प्राचार्य के प्रतिवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी पक्षों, प्रत्यक्षदर्शियों और स्कूली छात्रों के बयान दर्ज कर जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।