पन्ना में शांति समिति की बैठक: त्योहारों को लेकर प्रशासन सख्त, जारी किए कड़े दिशा-निर्देश
8 October 2026 • 07:29 am

आगामी त्योहारों— नवरात्र, दशहरा, शरद पूर्णिमा और दीपावली के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को पन्ना कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता और एसपी निवेदिता नायडू की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पंडाल, जुलूस, डीजे, प्रतिमा विसर्जन और दीपावली के पटाखा बाजार को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बिना अनुमति नहीं लगेंगे पंडाल
कलेक्टर ऊषा परमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में बिना पूर्व अनुमति के कोई भी पंडाल स्थापित नहीं किया जाएगा। मुख्य सड़कों और आम रास्तों को बाधित कर प्रतिमा स्थापित करने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसके साथ ही, पंडालों में अवैध बिजली कनेक्शन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बड़ी देवी मंदिर में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी। डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करना होगा। प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों— कमलाबाई और दहलाताल पर ही किया जाएगा।
जुलूस से पहले रूट का होगा निरीक्षण
एसपी निवेदिता नायडू ने आयोजकों को निर्देश दिए कि मूर्ति स्थापना और चल समारोह से पहले संबंधित रूट का बारीकी से निरीक्षण कर लिया जाए। बैठक में भीड़ नियंत्रण और जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में लगेगा पटाखा बाजार
दीपावली के दौरान आतिशबाजी का बाजार पन्ना नगर के पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में लगाने का निर्णय लिया गया है। व्यापारियों को केवल टीन शेड दुकानों के माध्यम से ही पटाखे बेचने की अनुमति होगी। सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने और नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शरद पूर्णिमा महोत्सव की व्यवस्थाओं पर चर्चा
बैठक में प्राणनाथ मंदिर में होने वाले 10 दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। श्रद्धालुओं के ठहरने, वाहन पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा, प्रसाद और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी सहित शांति समिति के सभी सदस्य और प्रशासनिक अधि
कारी मौजूद रहे।

