Aacharan News
छतरपुर • 11 days ago Breaking

छतरपुर: पूजन का पानी समझकर छात्रा ने पी लिया कीटनाशक, अंधेरे के कारण हुई बड़ी गलती

11 October 2026 • 09:59 am

छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुर में एक 23 वर्षीय छात्रा ज्योति पटेल ने गलती से कीटनाशक का घोल पी लिया। घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। छात्रा नवरात्रि के पहले दिन से पूरे नौ दिन का व्रत रखने की तैयारी कर रही थी।

बिजली गुल होने से हुई चूक

ज्योति ने बताया कि उसे सुबह उठकर खाली पेट पानी पीने की आदत है, लेकिन नवरात्रि शुरू होने के कारण उसने सुबह पानी नहीं पिया था। नहाने-धोने और पूजा-पाठ करने के बाद जब वह पूजन का पानी पीने गई, तभी अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरे में उसने बर्तन में रखे घोल को पानी समझकर पी लिया।

स्वाद कड़वा लगने पर परिजनों को बताया

घोल पीने पर ज्योति को स्वाद कुछ अलग लगा, लेकिन उसे लगा कि यह पूजा का पानी है इसलिए ऐसा लग रहा होगा। जब स्वाद ज्यादा कड़वा लगने लगा, तो उसने तत्काल अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। तब जाकर पता चला कि जिस घोल को उसने पानी समझकर पिया था, वह वास्तव में कीटनाशक था।

मच्छर मारने के लिए पिता ने रखा था घोल

छात्रा के मुताबिक, उसके पिता ने मच्छर और कीड़े मारने के लिए कीटनाशक दवा को पानी में मिलाकर एक बर्तन में रखा था। बिजली गुल होने के कारण वह बर्तन में रखे घोल को पहचान नहीं सकी। जहरीला घोल पीने से नौ दिन का व्रत रखने की उसकी योजना प्रभावित हुई है, जिसका उसे काफी दुख है। फिलहाल जिला अस्पताल में छात्रा का उपचार जारी है।