Aacharan News
छतरपुर • 18 days ago Breaking

छतरपुर में पुरानी रंजिश के चलते दंपती पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान; CCTV में पीछा करते दिखे बदमाश

4 October 2026 • 08:45 am

शहर के नारायणपुरा रोड पर शनिवार रात घर लौट रहे एक दंपती पर बदमाशों ने कट्टे से जानलेवा फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले में तालिब सौदागर और उनकी पत्नी खुशनुमा बाल-बाल बच गए। गोली सीधे उन्हें तो नहीं लगी, लेकिन पत्नी के कपड़ों को चीरते हुए निकल गई। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कपड़े में हुआ छेद, बाल-बाल बची जान

पीड़ित खुशनुमा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे रात को घर लौट रहे थे। तभी अचानक फायरिंग की आवाज आई। फायरिंग के दौरान उन्हें अपनी पीठ पर किसी गर्म चीज के टकराने का एहसास हुआ। जब उन्होंने देखा तो उनके कपड़ों में गोली से छेद हो गया था। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से घबराए दंपती ने शोर मचाया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

CCTV फुटेज में पीछा करते दिखे दो युवक

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो रात करीब 8:15 बजे सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक तालिब की गाड़ी का पीछा करते हुए नजर आए। पीड़ित तालिब ने फुटेज और हुलिए के आधार पर 'अन्नी' और 'टीपू करिया' नामक युवकों पर फायरिंग करने का सीधा आरोप लगाया है।

पुरानी रंजिश का है मामला, 8 महीने पहले भी हुआ था हमला

तालिब ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। करीब 8 महीने पहले भी इन्हीं लोगों ने उन पर हमला किया था, जिसकी शिकायत उस वक्त भी थाने में दर्ज कराई गई थी।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों और सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नामजद किए गए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जांच और सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।