Aacharan News
दमोह• about 1 month ago

माँ और तीन बच्चों की निर्मम हत्या, घर में मिले लहूलुहान शव

19 September 2026 • 05:51 am

दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। घर के अंदर महिला और उसके तीन मासूम बच्चों के शव लहूलुहान हालत में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि महिला का पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता था और कुछ समय पहले ही घर वापस लौटा था। घटना के बाद पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

चार लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर से एफएसएल टीम बुलाई गई है। टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया है और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।