Aacharan News
मध्यप्रदेश • 12 days ago Breaking

सतना: पितृ अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़े लाखों श्रद्धालु, मंदाकिनी में स्नान कर की कामदगिरि की परिक्रमा

10 October 2026 • 07:51 am

पितृ विसर्जनी अमावस्या के अवसर पर शनिवार को धर्मनगरी चित्रकूट में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पवित्र मंदाकिनी नदी में स्नान कर अपने पितरों का तर्पण किया और इसके बाद भगवान कामतानाथ के दर्शन कर कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा शुरू की। सुबह से ही रामघाट, राघव प्रयाग घाट और परिक्रमा मार्ग पर भक्तों का तांता लगा रहा।

कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु

चित्रकूट में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। धार्मिक मान्यता है कि पितृ विसर्जनी अमावस्या पर मंदाकिनी में स्नान और पितरों का तर्पण करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 500 पुलिसकर्मी तैनात

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है। रामघाट से लेकर परिक्रमा मार्ग तक सुरक्षा के लिए 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि व्यवस्था बनी रहे।

5 किलोमीटर लंबा है परिक्रमा मार्ग

कामदगिरि पर्वत का पंचकोसी परिक्रमा मार्ग करीब 5 किलोमीटर लंबा है। खास बात यह है कि यह मार्ग मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश, दोनों राज्यों की सीमाओं में आता है। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर यहां दंडवत परिक्रमा भी लगाते नजर आए।