Aacharan News
मध्यप्रदेश • 14 days ago Breaking

जबलपुर: सेना की फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में मिला यूपी का युवक, खुद को बता रहा था पाकिस्तानी

8 October 2026 • 07:05 am

जबलपुर स्थित सेना की व्हीकल फैक्ट्री (डिफेंस संस्थान) के पास बुधवार सुबह एक संदिग्ध युवक के घूमने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जब उसे घेरकर पूछताछ की, तो उसने कभी अपना नाम हामिद अंसारी बताया तो कभी शिवा। साथ ही, उसने खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया, जिसके बाद लोगों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रांझी पुलिस को सूचना दी।

मौके पर मौजूद घमापुर निवासी एडवोकेट आशीष प्रजापति के अनुसार, गोकलपुर के पास भीड़ एक युवक को घेरे हुए थी और वह जगह डिफेंस संस्थान के बेहद करीब है। कुछ स्थानीय लोगों ने युवक पर मंदिर के पास 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

थाने में भी बदलता रहा बयान

सूचना मिलने पर रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। रांझी थाने के एसआई सीताराम बकोड़े ने बताया कि पूछताछ के दौरान भी युवक लगातार अपने बयान और नाम बदल रहा था। पुलिस ने उसकी मेडिकल जांच भी कराई। इसके बाद रांझी सीएसपी सतीश साहू ने जानकारी दी कि युवक की असली पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले शिवम पाठक के रूप में हुई है।

युवक मानसिक रूप से है विक्षिप्त

सीएसपी सतीश साहू के मुताबिक, शिवम मानसिक रूप से विक्षिप्त है और पहले भी कई बार घर से भाग चुका है। पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया, जिसमें पता चला कि कुछ महीने पहले वह राजस्थान चला गया था, जहां से परिजन तलाश करने के बाद उसे वापस लाए थे। शिवम के दो भाई सत्यम और सुंदरम हैं और उसके पिता बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस ने परिजनों को पूरी जानकारी दे दी है और उन्हें जबलपुर बुलाया जा रहा है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान और पारिवारिक जानकारी मिल चुकी है। लेकिन उसने खुद को रावलपिंडी का निवासी क्यों बताया, उसके बयान बदलने की वजह क्या है और स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए नारे लगाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है, फिलहाल पुलिस इन सभी बिंदुओं की जां

च कर रही है।