Aacharan News
दमोह• about 1 month ago

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि की बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल, बंडा शराब कांड को लेकर गायक कलाकार ने मजाक उड़ाते हुए गया गाना

16 September 2026 • 08:30 am

#दमोह - जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल का एक वीडियो मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जो उनके जन्मदिन पार्टी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इस वीडियो में गायक कलाकार के द्वारा बंडा शराब कांड जिसमें कई लोगों की मौत हुई है। परिहास करते हुए गाना गया जा रहा है। अब वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले की काफी आलोचना भी लोगों के द्वारा की जा रही है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल का कहना है कि यदि किसी को बुरा लगा है तो मैं इसके लिए क्षमा चाहता हूं, लेकिन कलाकार के द्वारा लोगों से शराब न पीने की अपील की गई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीत पटेल के पति गौरव पटेल की जन्मदिन पार्टी में दमोह सांसद राहुल सिंह, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसुमरिया के अलावा कई भाजपा के नेता मौजूद थे। आपको बता दें पड़ोसी जिले सागर के बंडा में जहरीली शराब से 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है। जिसमें प्रदेश सरकार लगातार कार्रवाइयां कर रही है। दमोह के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल का 12 सितंबर को जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी पथरिया के सेमरा में कक्कू ढाबा पर आयोजित की गई थी।

यह वही ढाबा है जहां अवैध शराब पकड़ने गए एसआई के साथ ढाबा संचालक के द्वारा अभद्रता कर उनके ऊपर हमला करने का प्रयास किया गया।

इसी जगह गौरव पटेल की बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। जिसमें गायक कलाकार के द्वारा बंडा शराब कांड का मजाक उड़ाते हुए गाना गाया गया।

अरे पौआ ने पियो घने-घने, बंडा में मर गये कैऊ जने, बिगड़े काम अब कैसे बने बंडा में मर गये कैऊ जने।

इस गाने पर जन्मदिन पार्टी में मौजूद नेताओं के द्वारा जमकर ठहाके लगाए गए और वहां जो लोग मौजूद थे उन्होंने भी भरपूर मनोरंजन किया।

अब जब वीडियो वायरल हुआ है तो जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने माफी मांगने जैसी बात कही है।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा मुझे लगता है इसमें कलाकार के द्वारा कोई परिहास नहीं उड़ाया गया। बल्कि शराब ना पीने की अपील की गई है। फिर भी यदि किसी को लगता है कि मजाक उड़ाने जैसी बात है तो मैं इसके लिए क्षमा प्रार्थी हूं। कलाकार ने अपनी भावना व्यक्त करने के लिए यह अपील की है कि लोग शराब का सेवन न करें। सरकार इस मुद्दे पर बेहद संवेदनशील है हम लोग भी मंच के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश देते हैं।