Aacharan News
सागर• 10 days ago Breaking

सागर: अग्रणी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ भरी हुंकार, रैली निकालकर दिया नशामुक्त समाज का संदेश

12 October 2026 • 06:49 am

शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता के निर्देशन में युवा शक्ति ने नशे के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी है। समाज में नशा उन्मूलन एवं सामाजिक चेतना जगाने के उद्देश्य से महाविद्यालय द्वारा एक विशाल एवं प्रभावशील 'नशा मुक्ति जागरूकता रैली' का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्त, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का कड़ा संदेश दिया।

नारे और तख्तियों से दिया जागरूकता का संदेश

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से हाथों में नशा विरोधी संदेशों वाले बैनर, तख्तियां और पट्टिकाएं थाम रखी थीं। "नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो—स्वस्थ युवा, समृद्ध समाज" जैसे गगनभेदी नारों से समूचा परिसर और मार्ग गुंजायमान हो उठा। छात्रों ने रैली के जरिए आम जनमानस को नशे के विनाशकारी दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया।

'युवा भटकेगा तो देश के सामने होगी गंभीर चुनौती'

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। यदि हमारी युवा पीढ़ी ही नशे के अंधकार में भटक जाएगी, तो यह समूचे समाज और देश की प्रगति के लिए एक गंभीर चुनौती बन जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उनमें सामाजिक दायित्व, नैतिक मूल्य और राष्ट्र निर्माण की भावना जगाना भी है; और यह रैली इसी दिशा में उठाया गया एक सशक्त कदम है।

कार्यक्रम का यह वृहद आयोजन संयोजक डॉ. जय नारायण यादव के कुशल मार्गदर्शन और डॉ. शिखा चौबे की सक्रिय सहभागिता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने रैली की सफलता पर सभी प्रतिभागियों के उत्साह की जमकर सराहना की है।