Aacharan News
दमोह• about 1 month ago

सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का चक्काजाम, तहसीलदार के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन...

16 September 2026 • 12:17 pm

दमोह। हटा ब्लॉक अंतर्गत रनेह में बुधवार को रनेह-लुहरबंद मार्ग पर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लुहरबंद तिराहा पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के साथ पक्की सड़क निर्माण की मांग रखी।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही रनेह थाना प्रभारी नीतेश जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं हटा एसडीएम राकेश मरकाम के निर्देशन में तहसीलदार उमेश तिवारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और सड़क की स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों से चर्चा के बाद तहसीलदार ने संबंधित सचिव को 48 घंटे के भीतर वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपयंत्री से पक्की सड़क निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने की कार्रवाई आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सुचारू हो गया। अब ग्रामीणों की नजर 48 घंटे में होने वाली वैकल्पिक व्यवस्था और पक्की सड़क निर्माण की आगामी कार्रवाई पर है।