Aacharan News
मध्यप्रदेश • 13 days ago Breaking

दमोह: निजामुद्दीन एक्सप्रेस में बेहोश मिला युवक, जिला अस्पताल में हुई मौत

9 October 2026 • 02:07 am

दमोह स्टेशन से होकर दिल्ली जाने वाली निजामुद्दीन एक्सप्रेस के जनरल कोच में मंगलवार शाम करीब 7 बजे एक 22 वर्षीय युवक बेहोशी की हालत में मिला। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी ने युवक को तुरंत दमोह के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र निवासी सुखविंदर (22 वर्ष), पिता कमलेश चौधरी के रूप में हुई है।

ट्रेन में सफर कर रहे आईटीबीपी जवान अनिल सिंह ने बताया कि कटनी स्टेशन से आगे निकलने के बाद यह युवक बोगी में आया और ऊपर वाली बर्थ पर लेट गया था। कुछ समय बाद जब युवक की गर्दन नीचे लटकती दिखी, तो सहयात्रियों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद यात्रियों ने ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों को मामले की जानकारी दी।

शाम 7 बजे ट्रेन के दमोह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर रुकते ही जीआरपी चौकी प्रभारी शेख जुम्मन, आरपीएफ चौकी प्रभारी अनिल यादव और स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे। घटना के समय मृतक के मोबाइल पर उसके परिजनों के फोन आ रहे थे। पुलिसकर्मियों ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को युवक का चेहरा दिखाया, जिसके बाद उसकी पहचान हो सकी।

पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल

सकेगा।