Aacharan News
मध्यप्रदेश • 13 days ago Breaking

धार: सीने में चाकू घोंपकर युवक की बेरहमी से हत्या, परिजनों ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर शव रखकर किया चक्काजाम

9 October 2026 • 09:04 am

धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमानपुरा में गुरुवार रात एक युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमले में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह शव को इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया।

शराब के नशे में हुआ विवाद, चाकू घोंपा

पुलिस के अनुसार, गुमानपुरा गांव में स्थित एक होटल में विकास कायस्त और गुल्याद निवासी गोलू के बीच पुरानी रंजिश को लेकर बहस शुरू हुई थी। विवाद के समय दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में थे। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकाल लिए और हमला कर दिया। हमले में विकास के सीने में चाकू लगा और वह करीब आधे घंटे तक सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पता रहा। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान विकास ने दम तोड़ दिया। इस हमले में कान्हा सोलंकी और सुजीत सुमेर भी घायल हुए हैं।

अवैध शराब और व्यावसायिक रंजिश की आशंका

मृतक विकास के परिजनों का आरोप है कि हमला करने वाले करीब 40 लोग थे। पुलिस के अनुसार, इस हत्या के पीछे व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा भी एक कारण हो सकती है। क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है और हमला करने वाले लोग भी इसी धंधे में शामिल बताए जा रहे हैं। इसी बात को लेकर विवाद गहराने की आशंका जताई जा रही है।

हाइवे पर जाम, बुलडोजर की मांग

रात में पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण परिजन खासे नाराज थे। शुक्रवार सुबह परिजनों और आक्रोशित लोगों ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाए और सभी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। चक्काजाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित शर्मा के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कि

या जा रहा है।