शिवपुरी: कृषि विज्ञान केन्द्र में राष्ट्रीय पोषण माह का समापन, मोटे अनाज और पोषण सुरक्षा पर दिया जोर
12 October 2026 • 07:02 am

कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवपुरी में 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक चले 'राष्ट्रीय पोषण माह' का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। केन्द्र के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार के निर्देशन में महीने भर चले इस अभियान के तहत कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों, कृषक महिलाओं, आमजनों और स्कूली छात्र-छात्राओं को पोषण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कुपोषण मिटाने और सही आहार पर जोर
कार्यक्रम के दौरान गृह एवं खाद्य विज्ञान की वैज्ञानिक डॉ. सुरूचि सोनी ने बताया कि यह एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश से कुपोषण को जड़ से समाप्त करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि 0 से 6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किशोरी बालिकाओं को सिर्फ पेट भरने पर नहीं, बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर आहार पर ध्यान देना चाहिए। आहार में दालें, स्थानीय फल, हरी सब्जियां और विशेष रूप से श्री अन्न (मोटे अनाज) को शामिल करने की सलाह दी गई।
पोषण वाटिका और सहजन के फायदों की दी गई जानकारी
इस पोषण माह के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में लगभग 250 लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों को सहजन (ड्रमस्टिक) की पत्ती के पाउडर के उपयोग, पोषण थाली का महत्व और घर पर ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध चीजों से 'पोषण वाटिका' तैयार करने के तरीके व्यावहारिक रूप से समझाए गए।
महीने भर चले इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार भार्गव (सस्य विज्ञान), डॉ. प्रशान्त कुमार गुप्ता (उद्यानिकी), वैज्ञानिक डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह (पादप प्रजनन), डॉ. लक्ष्मी (मत्स्य) और तकनीकी अधिकारी डॉ. नीरज कुमार कुशवाह (कृषिवानिकी) की प्रमुख भूमिका और सहभागिता रही।

