Aacharan News
सागर• 11 days ago Breaking

बड़ागांव में दिगम्बर जैन परिषद की केंद्रीय बैठक संपन्न, सागर में जल्द होगा भव्य भवन का भूमि पूजन

11 October 2026 • 09:42 am

अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन परिषद के केंद्रीय पदाधिकारी मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक 10 अक्टूबर को दिल्ली के समीप स्थित प्रसिद्ध दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र बड़ागांव (त्रिलोक तीर्थ) में संपन्न हुई। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल पारसदास जैन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का शुभारंभ सामूहिक णमोकार मंत्र के साथ हुआ। बैठक में संगठन विस्तार, समाजहित, युवा और महिला सशक्तिकरण सहित कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी।

सागर में बनेगा भव्य भवन

परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक सुनील कुमार जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश के सागर स्थित मंगलगिरि क्षेत्र में परिषद के भव्य भवन निर्माण के लिए 1000 वर्ग गज भूमि प्राप्त कर ली गई है। इस भूमि पर परिषद का कार्यालय, महिला प्रशिक्षण केंद्र और अतिथि निवास सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जल्द ही सागर में केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित कर इस भवन का भूमि पूजन किया जाएगा। यह भवन भविष्य में जैन समाज की प्रमुख गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

प्रशांत समैया के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा

बैठक में मध्य प्रदेश, विशेषकर सागर में केंद्रीय युवा परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की जमकर प्रशंसा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश में लगभग 500 युवाओं को संगठन से जोड़ने और युवा परिषद के गठन के लिए केंद्रीय युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत समैया की सराहना की। उनके इन उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, तेलंगाना की महिला परिषद द्वारा अहिंसा स्तम्भ निर्माण की पहल को भी सराहा गया।

संगठन का विस्तार और अहम दायित्व

- नया विस्तार: राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इंदौर, उज्जैन, दिल्ली, अजमेर और उदयपुर सहित कई शहरों में परिषद की नई शाखाओं के गठन की जानकारी दी।

- नए राष्ट्रीय प्रवक्ता: आदिश जैन दादा द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के बाद पदाधिकारी मंडल ने उन्हें परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता का दायित्व सौंपा।

- पत्रिका का संपादन: परिषद की मासिक पत्रिका 'वीर' के जयपुर से संपादन और प्रकाशन का जिम्मा डॉ. अखिल बंसल को सौंपा गया है।

- लेखा प्रतिवेदन स्वीकृत: कोषाध्यक्ष अशोक जैन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का ऑडिटेड वार्षिक लेखा प्रतिवेदन और दशलक्षण पर्व के आय-व्यय का विवरण पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया।

बैठक में अशोक कुमार जैन, नीरज जैन, अशोक गोयल जैन, पुनीत जैन, पीयूष कुमार जैन, पंकज जैन, सुनील जैन जनकपुरी, संदीप जैन, संरक्षिका निधि जैन, रेणु जैन, रेखा गोयल जैन और संतोष जैन सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में समाज की एकता और युवा सहभागिता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।