Aacharan News
मध्यप्रदेश • 8 days ago Breaking

सतना: गरबा प्रैक्टिस से लौट रही युवती से सरेराह छेड़छाड़, शादी का दबाव बनाकर तोड़ा मोबाइल; आरोपी गिरफ्तार

14 October 2026 • 09:09 am

सतना शहर में गरबा प्रैक्टिस से लौट रही एक युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती का रास्ता रोककर शादी का दबाव बनाने और उसका मोबाइल तोड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रास्ता रोककर पकड़ा हाथ, धमकाकर तोड़ा मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 2 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। युवती धवारी की तरफ से पैदल अपने घर लौट रही थी। तभी व्यंकट क्रमांक-1 स्कूल के सामने कंपनी बाग निवासी 22 वर्षीय ध्रुव पटेरिया ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने सरेराह युवती का हाथ पकड़ा और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने मना किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसका मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया। युवती की चीख सुनकर जब आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तो आरोपी मौके से भाग गया।

कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और मंगलवार को आरोपी ध्रुव पटेरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने बताया कि आरोपी ध्रुव पटेरिया आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कोतवाली और कोलगवां थानों में पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।