तेंदूखेड़ा: 116 पाव अवैध शराब जब्त, सरेआम तस्कर को थप्पड़ जड़ने वाली महिला के आरोपी की मां होने की चर्चा
11 October 2026 • 01:54 pm

पावन शारदीय नवरात्रि के पहले ही दिन, जहाँ पूरा देश माँ दुर्गा की आराधना में लीन है, वहीं कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में नशे का जहर घोलने की फिराक में थे। लेकिन, भगवती मानव कल्याण संगठन के सतर्क कार्यकर्ताओं ने इनकी इस साजिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया।
116 पाव अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
मामला तेंदूखेड़ा के दमोह रोड स्थित बड़ी खेरमाई के पास का है। 11 अक्टूबर 2026 को, नवरात्रि के प्रथम दिन तड़के सुबह करीब 6:00 बजे, संगठन के कार्यकर्ताओं ने नशा विरोधी जन आंदोलन के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शाइन होंडा मोटरसाइकिल (MP34ZH0269) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उनके पास मौजूद काले रंग के बड़े बैग से अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान उस बैग से कुल 116 पाव अवैध शराब जब्त की गई, जिसमें 63 पाव लाल मसाला और 53 पाव प्लेन शराब शामिल थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के नाम अभिषेक यादव (निवासी खमरिया अजीतपुर) और विवेक केवट (निवासी केवट मोहल्ला, तेंदूखेड़ा) हैं।
आक्रोशित महिला ने तस्कर को जड़ा थप्पड़
नवरात्रि के पवित्र अवसर पर इस तरह सरेआम अवैध शराब की खेप पकड़े जाने के बाद स्थानीय महिलाओं और नागरिकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। इतनी बड़ी मात्रा में नशे का कारोबार देखकर एक स्थानीय महिला का आक्रोश फूट पड़ा और उसने गुस्से में आकर मौके पर ही शराब तस्कर को जोरदार थप्पड़ रसीद कर दिया। अब इस घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, भगवती मानव कल्याण संगठन की इस मुस्तैदी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना
हो रही है।

