होटल रॉयल दमयंती पैलेस में गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग, 1 की मौत, 4 गंभीर रूप से झुलसे
19 September 2026 • 07:20 pm

दमोह। शहर के जबलपुर नाका क्षेत्र स्थित 'होटल रॉयल दमयंती पैलेस' में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। होटल में आयोजित एक कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में कैटरिंग टीम का एक युवक जिंदा जल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
कार्यक्रम की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, होटल रॉयल दमयंती पैलेस में एक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद कैटरिंग की टीम खान-पान की व्यवस्था में जुटी हुई थी कि अचानक गैस की पाइपलाइन में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते विकराल आग फैल गई। आग की लपटें उठते ही होटल परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।
हादसे में 1 की जान गई, 2 की हालत गंभीर
गैस पाइपलाइन फटने से हुए इस हादसे में कैटरिंग टीम के सदस्य गौरव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना में अजय और राजा बाबू गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में जबलपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा दो अन्य झुलसे हुए कर्मचारियों का इलाज दमोह के जिला चिकित्सालय में जारी है।

आग की खबर फैलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय तथा जबलपुर नाका चौकी का पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया और स्थिति पर काबू पाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।

