Aacharan News
मध्यप्रदेश • 8 days ago Breaking

रीवा: सड़क निर्माण न होने से नाराज स्कूली बच्चे बैठे धरने पर, 10 लाख का बजट पास होने के बाद भी काम ठप

14 October 2026 • 09:00 am

रीवा जिले के गंगेव विकासखंड अंतर्गत पताई गांव में स्कूल तक पहुंच मार्ग न होने से परेशान स्कूली विद्यार्थी धरने पर बैठ गए हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पताई तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़क से करीब 250 मीटर की दूरी में पक्की सड़क नहीं है। इस वजह से यहां कक्षा 1 से 12वीं तक पढ़ने वाले कुल 456 विद्यार्थियों (222 बालक और 234 बालिकाएं) और स्कूल स्टाफ को आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

10.04 लाख रुपए मंजूर, फिर भी नहीं बना रास्ता

हैरानी की बात यह है कि सड़क निर्माण के लिए पंचायत राज संचालनालय, भोपाल ने 2 अगस्त 2026 को ही 10.04 लाख रुपए की स्वीकृति दे दी थी। इस आदेश में स्कूल तक 300 मीटर लंबी सीसी सड़क बनाने का स्पष्ट उल्लेख है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिसे लेकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों में भारी नाराजगी है।

एक सप्ताह का अल्टीमेटम देने के बाद शुरू किया धरना

गौरतलब है कि यह शासकीय स्कूल 1956 से संचालित है, लेकिन रास्ते की समस्या दशकों से बरकरार है। इस संबंध में जनपद सदस्य ममता अशोक सिंह ने 24 सितंबर 2026 को एसडीएम सिरमौर को पत्र सौंपकर एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि काम शुरू नहीं हुआ तो धरना दिया जाएगा। प्रशासन की अनदेखी के बाद अब विद्यार्थी खुद धरने पर बैठ गए हैं।

कलेक्टर का आश्वासन

इस मामले पर रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा है कि बच्चों की समस्या को लेकर प्रशासन और सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। मामले में संवाद कर उनकी परेशानी सुनी जा रही है और जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।