Aacharan News
मध्यप्रदेश • 8 days ago Breaking

उज्जैन: सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा देकर रिटायर्ड प्रिंसिपल से 10 लाख की ठगी, व्हाट्सएप कॉल पर लिया ATM पिन

14 October 2026 • 08:56 am

उज्जैन में साइबर ठगों ने एक 80 वर्षीय रिटायर्ड प्रिंसिपल को 'सीनियर सिटीजन कार्ड' बनवाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 10 लाख रुपए निकाल लिए हैं। ठगों ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग से संपर्क किया और बैंक अधिकारी बनकर उनके एटीएम (ATM) कार्ड का नंबर, पिन और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।

बैंक ऑफ इंडिया का अधिकारी बनकर किया वीडियो कॉल

पुलिस के अनुसार, फरियादी सनत कुमार जैन निर्माण नगर (सेठीनगर) के निवासी हैं और आईटीआई कॉलेज से प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए हैं। 11 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का अधिकारी बताया और उनसे पूछा कि क्या वे सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाना चाहते हैं। बुजुर्ग के सहमति जताने पर आरोपी ने कार्ड बनवाने की प्रक्रिया का हवाला देते हुए उनसे एटीएम नंबर, पिन, बैंक खाते की जानकारी और जन्मतिथि पूछ ली। जानकारी मिलने के बाद ठग ने कुछ देर इंतजार करने को कहा और कॉल काट दिया।

तीन ट्रांजैक्शन में निकाले 10 लाख रुपए

कॉल कटने के कुछ देर बाद सनत कुमार जैन को ठगी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने पड़ोसी संजय शकमनिरकर को यह बात बताई। पड़ोसी ने धोखाधड़ी की आशंका जताते हुए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन तब तक खाते से पैसे कट चुके थे। बाद में बैंक पासबुक की एंट्री कराने पर पता चला कि उनके खाते से तीन बार में कुल 10 लाख रुपए निकाल लिए गए हैं। ठगों ने पहले 5 लाख, फिर 3 लाख और अंत में 2 लाख रुपए का ट्रांजैक्शन किया था।

पुलिस ने दर्ज किया केस

शिकायत के आधार पर माधव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।