Aacharan News
देश-विदेश• 7 days ago Breaking

राजस्थान: फलोदी में पिता की आंखों के सामने 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का मासूम, 640 फीट की गहराई में अटका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

15 October 2026 • 11:28 am

राजस्थान के फलोदी जिले में गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां पूनिया की ढाणी में पिता के सामने ही उनका 9 साल का बेटा भोमाराम 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। फिलहाल बच्चा 640 फीट की गहराई में अटका हुआ है और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मोटर और पाइप निकालते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पूनिया की ढाणी निवासी पाचाराम के खेत में लगा बोरवेल खराब हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए मशीन बुलाई गई थी। बोरवेल से पाइप और मोटर निकालने का काम चल रहा था और पिता पाचाराम भी पास में ही खड़े थे। इसी दौरान बालक भोमाराम अचानक बोरवेल में गिर गया। पिता पाचाराम ने बताया कि बेटा मेरी आंखों के सामने ही गिरा था। जब मैंने पीछे मुड़कर देखा तो उसके सिर और हाथ ही दिख रहे थे और जब तक मैं वहां पहुंचा, तब तक वह बोरवेल की गहराई में चला गया था। हादसे के बाद से खेत में बैठी मां और परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और मां बार-बार बेटे का नाम पुकार रही है।

640 फीट पर दिखा मूवमेंट, प्रशासन और SDRF मुस्तैद

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जिन्होंने पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। हादसे के करीब दो घंटे बाद फलोदी एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और जोधपुर से भी एसडीआरएफ की टीम पहुंच रही है। रेस्क्यू टीम ने जब बोरवेल में कैमरा डाला तो 640 फीट नीचे बच्चे की हलचल (मूवमेंट) नजर आई है। मौके पर फलोदी एडीएम प्रियंका तलानिया, सीएमएचओ प्रताप सिंह, पुलिस और मेडिकल टीम के साथ जिला अस्पताल से बुलाई गई एंबुलेंस भी मौजूद है।