अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न 12 संकल्पों के साथ समाजसेवा की दिशा में आगे बढ़ेगी परिषद
14 September 2026 • 10:40 pm

सागर। मकरोनिया के समीप होटल दीपाली में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सागर नगर विधायक एवं संगठन के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र जैन रहे, जबकि अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं देवरी के पूर्व विधायक सुनील जैन ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के चित्र के अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं सागर नगर विधायक शैलेंद्र जैन ने संगठन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए परिषद द्वारा विगत वर्षों में किए गए सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों तथा गतिविधियों की जानकारी दी।

राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि संगठन सदैव जैन तीर्थों की रक्षा, मुनि सेवा और समाज कल्याण के लिए तत्पर रहा है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि भारतवर्ष में होने वाली जनगणना के दौरान धर्म एवं जाति संबंधी कॉलम में अपनी पहचान स्पष्ट रूप से ‘जैन’ लिखें। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस विषय में जागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया।

महिला मंडल की केंद्रीय परम संरक्षक निधि जैन ने समाज की महिलाओं को सामाजिक हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत समैया ने परिषद द्वारा निर्धारित 12 प्रमुख संकल्पों की जानकारी दी। इनमें जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता, रक्तदान एवं रक्त जांच शिविर, वृक्षारोपण एवं हरित पर्यावरण अभियान, आरटीओ एवं लाइसेंस संबंधी जागरूकता शिविर, जैन धर्म प्रभावना एवं सांस्कृतिक-धार्मिक आयोजन, वृद्धजन देखभाल केंद्र, वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं कल्याण, जैन स्कॉलर्स अवार्ड, स्वास्थ्य जागरूकता मैराथन, चिकित्सा जागरूकता शिविर, ध्रुव फंड, सामाजिक उद्यमिता विकास तथा वार्षिक सदस्यता जैसे सेवा कार्य शामिल हैं। उन्होंने समाज के युवाओं से इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में आगे आने का आग्रह किया।

युवा परिषद की राष्ट्रीय महामंत्री सौम्या रंधेलिया ने छोटे बच्चों को धार्मिक पाठशालाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को संस्कार एवं धर्म से जोड़ने की आवश्यकता बताते हुए अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों को पाठशाला भेजने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक समीर जैन, राष्ट्रीय महामंत्री विवेक जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आशीष जैन, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री संतोष जैन, अमितोष जैन, मध्य प्रदेश अध्यक्ष मनीष जैन, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राहुल जैन, संभागीय अध्यक्ष एडवोकेट मनोज भाई जी, जिला अध्यक्ष सौरभ रंधेलिया, नगर अध्यक्ष अक्षय जैन, राष्ट्रीय सचिव शैलेंद्र बजाज, सुमित प्रकाश जैन, एडवोकेट रश्मि, रितु जैन, आरती जैन, प्रियंका समैया, ज्योति जैन, शालिनी बजाज, माधुरी भाई जी, रिंकल जैन, सुमन जैन, राष्ट्रीय मंत्री एवं रक्त मित्र निलेश जैन, नगर महामंत्री एवं रक्त मित्र रविंद्र जैन, राष्ट्रीय मंत्री पवन जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमति प्रकाश जैन, नगर कोषाध्यक्ष हर्ष सराफ, सारांश जैन, नगर उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजजन उपस्थित रहे।

