सागर: स्वामित्व योजना का विरोध, 13 पटवारी निलंबित और 137 को नोटिस; काम बंद कर हड़ताल पर गए पटवारी
10 October 2026 • 10:16 am

स्वामित्व योजना के तहत होने वाली निःशुल्क रजिस्ट्री प्रक्रिया का विरोध कर रहे पटवारियों पर प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। पटवारी काम बंद कर हड़ताल पर चले गए हैं। इसी बीच शनिवार को सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लापरवाही बरतने के आरोप में जिले में 13 पटवारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 137 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्वामित्व योजना की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योजना के कार्यों और हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर परिवीक्षाधीन पटवारियों पर टर्मिनेशन समेत अन्य पटवारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को लंबित प्रकरणों का सत्यापन समय-सीमा में पूर्ण कराने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पटवारी अपने-अपने हल्के में जाकर हितग्राहियों से चर्चा करें और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं।

पटवारियों की प्रमुख मांगें
स्वामित्व योजना का विरोध कर रहे पटवारी राजभान लोधी ने बताया कि कलेक्टर से उनकी बातचीत हुई है और उन्होंने रजिस्ट्री कराने को बोला है। लेकिन पटवारियों ने मांग रखी है कि जिन साथियों को निलंबित व बर्खास्त किया गया है, उन्हें तुरंत बहाल किया जाए।
विक्रेता के रूप में पटवारी का नाम हटाने की मांग
पटवारियों की एक बड़ी मांग यह है कि योजना के तहत हो रही रजिस्ट्री में विक्रेता के तौर पर पटवारी का नाम आ रहा है, जिसे हटाकर राज्य शासन का नाम दर्ज किया जाना चाहिए। पटवारियों का तर्क है कि आने वाले समय में अगर ये रजिस्ट्रियां कोर्ट जाएंगी, तो उन्हें कानूनी पेंच में फंसना पड़ेगा। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि रजिस्ट्रियां ड्रोन सर्वे के आधार पर हो रही हैं जिसमें गड़बड़ियां हैं, और यह योजना मूल रूप से पंचायत विभाग की है।

