Aacharan News
मध्यप्रदेश • 13 days ago Breaking

छतरपुर: ढोढ़न बांध साइट पर मजदूरों से भरी बस पलटी, एक मजदूर की मौत और 13 घायल

9 October 2026 • 03:42 am

छतरपुर जिले के ढोढ़न बांध साइट पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम कर रहे मजदूरों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक अज्ञात मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर दिन भर का काम खत्म करके घर लौटने के लिए बस में बैठ रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बस अचानक अपने आप आगे बढ़ी और अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में एनसीसी लिमिटेड कंपनी के 40 से अधिक मजदूर सवार थे। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बिजावर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घायलों के नाम और पुलिस जांच

इस हादसे में घायल हुए 13 मजदूरों में रमाकांत ठाकुर, वकील चौहान, सुरेन्दर प्रसाद, कृष्णा सिंह, ओमप्रकाश यादव, प्रमोद गौड़, श्याम सुंदर, मुन्नीलाल साहनी, सनी जिसाद, अरविंद, रमेश, विलास्टर साहनी, राहुल सिंह और दीपू शामिल हैं। फिलहाल मृतक मजदूर की पहचान होना अभी बाकी है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना की जांच में जुट गई है।