दमोह: 13 अक्टूबर को होगा बागेश्वर सरकार का आगमन, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में होगा आशीर्वचन
10 October 2026 • 11:08 am

पूज्य श्री श्री 1008 बागेश्वर सरकार श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में निकाली जा रही 'सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा' का 13 अक्टूबर 2026 को दमोह में भव्य आगमन होने जा रहा है। यह यात्रा हटा, पटेरा, हिंडोरिया, समन्ना बायपास और मारुताल चौराहा बायपास से होते हुए दोपहर लगभग 12 बजे जबलपुर नाका स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचेगी।
पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में होगा आशीर्वचन
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पूर्व विधायक अजय टंडन और बागेश्वर धाम शिष्य मंडल दमोह ने आवश्यक बैठकें कर रूपरेखा तैयार कर ली है। जनता और धर्म प्रेमियों की भारी भीड़ व सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुरुदेव भगवान के आशीर्वचन के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज के विशाल मैदान का चयन किया गया है। शिष्य मंडल ने बताया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम जिला प्रशासन के पूर्ण सहयोग से व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा।
सागर के लिए करेगी प्रस्थान
पॉलिटेक्निक कॉलेज में आशीर्वचन कार्यक्रम के उपरांत यह रथ यात्रा दमोह से सागर के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा पॉलिटेक्निक कॉलेज से शुरू होकर जबलपुर नाका, किल्लाई चौराहा, केन्द्रीय विद्यालय और बालाकोट बायपास होते हुए सागर की ओर आगे बढ़ेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
आगमन की तैयारियों के संबंध में हुई अहम बैठक में पूर्व विधायक अजय टंडन के साथ पूर्व सहायक संचालक शिक्षा नन्हे सिंह ठाकुर, दिनेश असाटी, सोनू टंडन, आशीष चतुर्वेदी, बलवीर सिंह चौहान, कपिल विश्वकर्मा, अपूर्व उपाध्याय, अनिल जैन, अक्षत गोस्वामी, मोहित संगतनी सहित दमोह शिष्य मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।

