Aacharan News
मध्यप्रदेश • 12 days ago Breaking

भोपाल-इंदौर मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी: टिकट पर मिलेगी 25% अतिरिक्त छूट, 44% तक का होगा फायदा

10 October 2026 • 07:01 am

मध्य प्रदेश के दो बड़े शहरों, भोपाल और इंदौर में मेट्रो का सफर अब और भी किफायती होने जा रहा है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से टिकटों पर 25 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट देने का फैसला किया है। नई व्यवस्था कल (11 अक्टूबर) से लागू हो जाएगी और यह विशेष प्रमोशनल डिस्काउंट 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा।

टिकटों पर मिल रही छूट का गणित:

  • सिंगल जर्नी टिकट (SJT): टिकट पर 25 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी। (ध्यान रहे, ₹20 वाले सिंगल जर्नी टिकट पर यह अतिरिक्त छूट लागू नहीं होगी)।

  • रिटर्न जर्नी टिकट (RJT): पहले मिलने वाली 5% की छूट के स्थान पर अब कुल 30% की छूट मिलेगी।

  • ग्रुप टिकट (GT): पहले मिलने वाली 10% की छूट के बजाय अब कुल 35% की छूट दी जाएगी।

ग्रुप टिकट के नियमों में बड़ा बदलाव

यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रुप टिकट के नियमों को भी आसान कर दिया गया है। पहले ग्रुप टिकट का लाभ लेने के लिए कम से कम 8 यात्रियों का होना जरूरी था, लेकिन अब इसे घटाकर मात्र 2 यात्री कर दिया गया है। इससे परिवार और दोस्तों के साथ यात्रा करने वाले लोग भी आसानी से ग्रुप टिकट के फायदे का लाभ उठा सकेंगे।

बोनस और छूट मिलाकर 44% तक का फायदा

MPMRCL मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर यात्रियों को पहले से ही 8% से 15% तक का बोनस दिया जा रहा है।

- ₹200 से ₹499 के रिचार्ज पर 8% बोनस।

- ₹500 से ₹999 के रिचार्ज पर 10% बोनस।

- ₹1,000 से ₹1,499 के रिचार्ज पर 12% बोनस।

- ₹1,500 से ₹2,000 तक के रिचार्ज पर 15% बोनस मिलता है।

इस मौजूदा ई-वॉलेट बोनस और नई प्रमोशनल टिकट छूट को मिला दिया जाए, तो यात्रियों को अधिकतम 44 प्रतिशत तक का शानदार लाभ हो सकता है।

किराया और डिजिटल पेमेंट सुविधा

मेट्रो में 1 से 2 स्टेशन का किराया ₹20, 3 से 5 स्टेशन का ₹30 और 6 से 8 स्टेशन का ₹40 निर्धारित है, जबकि अधिकतम किराया ₹80 है। यात्री ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) प्रणाली के तहत यूपीआई (UPI), क्यूआर (QR) कोड, ई-वॉलेट और एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से कैशलेस और सुरक्षित

यात्रा कर सकते हैं।