Aacharan News
मध्यप्रदेश • 8 days ago Breaking

पन्ना: खेत में बेर के पेड़ से लटकता मिला 28 वर्षीय युवक का शव, आत्महत्या का कारण अज्ञात

14 October 2026 • 08:11 am

पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौपरा गांव में मंगलवार को एक 28 वर्षीय युवक का शव खेत में बेर के पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान विष्णु सिंह के रूप में हुई है।

पत्नी से जल्द लौटने की बात कहकर गया था खेत

मृतक विष्णु के छोटे भाई जगदेव सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी से खेत पर चारा काटने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने जल्द वापस आने को कहा था, लेकिन जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे, तो परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी खोजबीन के दौरान उनका शव खेत में एक बेर के पेड़ से लटकता हुआ पाया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

परिजनों ने तुरंत इस घटना की जानकारी शाहनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।