दमोह में खूनी खेल: पारिवारिक विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी और 3 मासूम बच्चों की हत्या की
दिनेश चौबे, दमोह
19 September 2026 • 07:16 pm

दमोह। हटा तहसील के मगरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीरपुर गांव में शुक्रवार तड़के एक सिरफिरे पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। 28 वर्षीय द्वारका पटेल ने पारिवारिक विवाद के चलते सो रहे अपनी पत्नी खेमा पटेल और तीन मासूम बच्चों (7 वर्ष, 4 वर्ष और 1 वर्ष) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी।

सुबह 4:30 बजे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच बीते एक साल से विवाद चल रहा था और 6 महीने पहले पत्नी ने पति पर धारा 498 (प्रताड़ना) का केस भी दर्ज कराया था। गुरुवार को मायके वालों ने दोनों के बीच समझौता कराया था, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, तब आरोपी ने कुल्हाड़ी से काटकर चारों को मौत के घाट उतार दिया।
गेट पर खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर बैठा था आरोपी
सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने आरोपी को घर के दरवाजे पर खून से सनी कुल्हाड़ी लिए बैठे देखा तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आनंद कलादगी ने पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी द्वारका पटेल को रंगे हाथों कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

