सागर: रायखेड़ा में कुएं से मिला 35 वर्षीय महिला का शव, मक्का काटने खेत गए थे पति-बेटा
15 October 2026 • 08:06 am

सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायखेड़ा में बुधवार शाम कुएं में एक 35 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान भूरी गोंड के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घर पर अकेली थी महिला, मक्का काटने गए थे पति-बेटा
जानकारी के अनुसार, मृतिका का पति संतोष गोंड और उसका परिवार गांव के ही मनोज मिश्रा के खेत में बने मकान में रहता है और मक्का काटने का काम कर रहा था। बुधवार सुबह चाय पीने के बाद संतोष और उसका बेटा खेत में मक्का काटने चले गए थे, जबकि भूरी घर पर अकेली थी। पति संतोष ने बताया कि पत्नी ने नहाकर खाना बनाने और खेत पर लाने की बात कही थी, लेकिन दोपहर तक वह खाना लेकर नहीं पहुंची।

बेटा घर पहुंचा तो नहीं मिली मां, कुएं में दिखा शव
इसी बीच बेटा तंबाकू का पैकेट लेने गांव गया था। लौटते समय भूख लगने पर जब वह घर पहुंचा, तो उसे मां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद उसने खेत पर जाकर पिता को जानकारी दी। इसके बाद संतोष भी घर पहुंचा और काफी खोजने के बाद जब कुएं में देखा तो भूरी का शव मिला। पति संतोष के अनुसार, उसकी पत्नी मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर थी।
देवरी अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम
सूचना मिलने पर महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। रात हो जाने के कारण शव को देवरी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

