जनता की सुविधा के लिए शुरू हुआ ‘वाहन-4’ पोर्टल बना परेशानी का सबब, बार-बार सर्वर डाउन होने से अटक रहे जरूरी काम
16 September 2026 • 08:41 am

सागर। आमजन को परिवहन संबंधी सेवाएं आसान और तेज़ बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘वाहन-4’ पोर्टल इन दिनों आवेदकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। वाहन पंजीकरण, परमिट, ट्रांसफर और फिटनेस जैसे जरूरी कार्यों के लिए आरटीओ कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को बार-बार सर्वर डाउन होने और पोर्टल की धीमी गति के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
आवेदकों का कहना है कि कई बार पूरी प्रक्रिया के बीच में ही पोर्टल बंद हो जाता है, जिससे उन्हें दोबारा कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे समय के साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। कर्मचारियों के अनुसार पोर्टल का संचालन NIC नोएडा से होता है, इसलिए स्थानीय स्तर पर तकनीकी खराबी का तुरंत समाधान संभव नहीं हो पाता।
ऐसे में लोगों की मांग है कि जनहित को देखते हुए ‘वाहन-4’ पोर्टल की तकनीकी व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि परिवहन संबंधी जरूरी सेवाओं के लिए नागरिकों को बार-बार परेशान न होना पड़े और उन्हें समय पर सुविधा मिल सके।

