देवास: 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का पर्दाफाश, शादी के नाम पर ठगी करने वाली दुल्हन समेत 5 गिरफ्तार
10 October 2026 • 08:13 am

देवास की बैंक नोट प्रेस पुलिस ने गुरुवार को शादी के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगने वाले एक 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह की मुख्य आरोपी (दुल्हन) समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
डेढ़ लाख लेकर की थी शादी, फिर हो गई फरार
मामले का खुलासा बैंक नोट प्रेस थाने में दर्ज एक शिकायत के बाद हुआ। जांच में सामने आया कि देवास में शादी कराने के लिए गिरोह ने शिकायतकर्ता से करीब डेढ़ लाख रुपए लिए थे। इसके बाद महाराष्ट्र के एक मंदिर में शादी कराई गई, लेकिन शादी के बाद यह लुटेरी दुल्हन देवास से भाग गई थी। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और पुख्ता जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू की।

झाबुआ में रचाई नई शादी, पहले भी कर चुकी है 2 शादियां
देवास से भागने के बाद इस शातिर युवती ने झाबुआ में एक अन्य युवक से शादी कर ली और उसी के साथ रहने लगी। देवास पुलिस ने सीधे झाबुआ पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह चौंकाने वाली बात भी सामने आई है कि देवास में शादी करने से पहले भी यह युवती दो और शादियां करके लोगों को ठग चुकी थी।
महाराष्ट्र से पकड़े गए 4 अन्य आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह का महाराष्ट्र से भी जुड़ाव मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार अन्य सदस्यों (आरोपियों) को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है।

