कोबरा पकड़ने के लिए चलानी पड़ी जेसीबी, मकरोनिया में 5 फीट लंबे सांप का रेस्क्यू
9 October 2026 • 03:54 am

सागर के मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड-17 के 72 क्वार्टर इलाके में गुरुवार शाम एक 5 फीट लंबा कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। मकानों के पास सांप दिखने पर रहवासियों ने उसे भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह पास ही खाली जगह में बने एक बिल में घुस गया।
गैंती-सब्बल से खुदाई रही नाकाम
रहवासियों की सूचना पर स्नेक कैचर अकील बाबा मौके पर पहुंचे। अकील बाबा और मोहल्ले के लोगों ने पहले गैंती और सब्बल की मदद से बिल खोदकर सांप को निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी सांप बाहर नहीं आया।

पार्षद ने बुलाई जेसीबी, तब निकला कोबरा
मैनुअल खुदाई नाकाम होने के बाद वार्ड पार्षद को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से बिल की गहरी खुदाई कराई गई, तब जाकर सांप दिखाई दिया। स्नेक कैचर ने फुर्ती दिखाते हुए कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि पकड़ा गया सांप खतरनाक कोबरा प्रजाति का है और इसकी लंबाई करीब 5 फीट है। रेस्क्यू किए गए इस सांप को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दि
या जाएगा।

