छतरपुर: खौलती चाय गिरने से 6 माह का मासूम गंभीर रूप से झुलसा, जिला अस्पताल में भर्ती
14 October 2026 • 07:49 am

छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के पिपरौ कला गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खौलती चाय गिरने से 6 माह का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना के वक्त बच्चे की मां घर में नवरात्रि की पूजा कर रही थीं। झुलसे हुए बच्चे को छतरपुर जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
खेलते-खेलते खौलती चाय के पास पहुंचा मासूम
घायल बच्चे की पहचान 6 माह के कृष्णा यादव के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम मानसिंह यादव और मां का नाम मंजू यादव है। जानकारी के अनुसार, मंजू यादव नवरात्रि का व्रत रखकर घर में नवदुर्गा की पूजा कर रही थीं। इसी दौरान मासूम कृष्णा खेलते हुए खौलती चाय के पास पहुंच गया और अचानक चाय उसके ऊपर गिर गई।

चीख सुनकर दौड़ी मां, हालत गंभीर
गर्म चाय गिरने से बच्चा बुरी तरह तड़प उठा। बच्चे की चीख सुनकर मां पूजा छोड़कर तुरंत उसके पास पहुंची। परिजन आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल कृष्णा को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

