Aacharan News
सागर 9 days ago

सागर में आधी रात पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 700 जवानों ने एक साथ दी दबिश, 312 वारंटी गिरफ्तार; 213 बदमाशों की कुंडली खंगाली

14 August 2026 05:34 am

सागर जिले में अपराधियों, फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने आधी रात बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में 700 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एक साथ मैदान में उतरे और शहर से लेकर दूरदराज के ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक चिन्हित अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी। रातभर चली कार्रवाई में पुलिस ने 112 स्थाई वारंट और 200 गिरफ्तारी वारंट तामील कर कुल 312 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 9 अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

कॉम्बिंग ऑपरेशन की शुरुआत सागर के कटरा बाजार से हुई, जहां एसपी अनुराग सुजानिया ने स्वयं शहर के पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए अभियान की रणनीति और प्राथमिकताओं की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें चिन्हित क्षेत्रों के लिए रवाना हुईं। देहात क्षेत्र के पुलिस बल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा-निर्देश देकर एक साथ कार्रवाई के लिए मैदान में उतारा गया।

पुलिस ने वारंटियों के घरों, संभावित ठिकानों और फरार आरोपियों के छिपे होने की आशंका वाले स्थानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान जिलेभर में 213 गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की गई। पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों, ठिकानों और आपराधिक स्थिति का सत्यापन किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी नई आपराधिक गतिविधि में तो शामिल नहीं हैं।

रातभर चले अभियान में पुलिस ने कुल 339 प्रमुख वैधानिक कार्रवाई कीं। इनमें धारा 170 बीएनएसएस के तहत 12 कार्रवाई तथा अवैध शराब के 9 प्रकरण शामिल हैं। अचानक हुई इस व्यापक कार्रवाई से फरार आरोपियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।

पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग एसपी अनुराग सुजानिया ने स्वयं की। वे लगातार थाना क्षेत्रों से कार्रवाई का अपडेट लेते रहे और मैदानी अधिकारियों से फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी भी थाना प्रभारियों एवं मैदानी टीमों के संपर्क में रहे।

एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फरार वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के अचानक और योजनाबद्ध अभियान आगे भी चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कानून की पकड़ से किसी भी अपराधी को बचने नहीं दिया जाएगा।