Aacharan News
दमोह• 7 days ago Breaking

दमोह: देवी दर्शन को गई 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, जेवर-नकदी लूट ले गए हत्यारे

15 October 2026 • 08:37 am

दमोह जिले के बिसनाखेड़ी गांव में 75 साल की बुजुर्ग महिला पार्वती लोधी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई है। उनका शव बुधवार दोपहर करीब 4 बजे गांव के ही एक जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र में मिला। मृतका मंगलवार रात देवी पंडाल में दर्शन के लिए निकली थीं और उसके बाद से लापता थीं।

बोरी से ढका मिला शव, जेवर और नकदी गायब

बेटे हरि सिंह ने बताया कि जब मां मंगलवार रात देवी पंडाल से घर नहीं लौटीं, तो उनकी तलाश शुरू की गई। बुधवार शाम परिजनों ने आंगनबाड़ी केंद्र में देखा, जहां मां का शव एक बोरी से ढका हुआ मिला। अज्ञात आरोपियों ने पार्वती की चांदी की चूड़ियां और पर्स से 10 हजार रुपए निकाल लिए और धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आनंद कलादगी मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी अभिषेक पटेल से जानकारी ली।

दामाद ने गांव के ही परिवार पर जताया शक

मृतका के दामाद हिम्मत सिंह लोधी ने बताया कि सास मंगलवार रात पूजा करने गई थीं। बाद में ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनका शव आंगनबाड़ी केंद्र में पड़ा है। दामाद ने आरोप लगाया कि पर्स में 10 हजार रुपए नकद और 70 से 80 हजार रुपए कीमत के गहने होने की आशंका है, जो गायब हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि गहने और नकदी के लालच में ही यह हत्या की गई है। हिम्मत सिंह ने गांव में रहने वाले 'नायक' परिवार के कुछ लोगों पर हत्या कर शव छिपाने का शक जताया है, हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। दामाद का कहना है कि कोई अकेला व्यक्ति इस हत्याकांड को अंजाम नहीं दे सकता।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने रात में ही शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। गुरुवार सुबह पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नोहटा पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।