Aacharan News
सागर• 12 days ago Breaking

सागर: ऑनलाइन गेमिंग की लत ने शिक्षक को बनाया चोर, 8 लाख हारने पर की बाइक चोरी और लूट

10 October 2026 • 06:05 am

ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण एक पढ़े-लिखे युवक के अपराध की दुनिया में कदम रखने का मामला सामने आया है। सागर जिले की गोपालगंज थाना पुलिस ने बाइक चोरी और लूट के आरोप में 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में करीब 7 से 8 लाख रुपये हार गया था और कर्ज बढ़ने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

पुलिस ने बताया कि 4 अक्टूबर को बाल हिलव्यू, शिवाजी वार्ड निवासी शालिग्राम रैकवार ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बीएमसी के पास एक संदिग्ध युवक मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

शिक्षक निकला आरोपी, कबूले अपराध

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजय पिता रमेश पटेल (24), निवासी पटवा मंदिर के पास, तिली गांव बताया। पुलिस के मुताबिक, अजय ग्रेजुएट है और वह गोपालगंज क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाकर अपना खर्च चलाता था। वह शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। आरोपी ने बाइक चोरी के साथ-साथ कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीनने की वारदात भी कबूल कर ली है।

गेमिंग में डूबे पैसे, गिरवी रखी बाइक

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अजय को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी। उसने किस्तों पर एक बाइक खरीदी थी, जिसे बाद में गिरवी रखकर रुपये लिए। इसमें से कुछ रकम कर्ज की किस्त चुकाने में खर्च की, जबकि बाकी रुपये ऑनलाइन गेमिंग में हार गया। नुकसान की भरपाई और कर्ज चुकाने की उम्मीद में वह लगातार गेमिंग में पैसे लगाता रहा और उसकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती गई, जिसके बाद उसने अपराध का रास्ता चुना।

गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछता

छ कर रही है।