इंदौर: रिपोर्ट लिखाने पहुंचे BJP कार्यकर्ता को थाने में पीटा और घसीटा, TI समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
10 October 2026 • 07:12 am

इंदौर के एरोड्रम थाने में शुक्रवार रात पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया है, जिसके बाद थाने में जमकर बवाल हुआ। रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता पं. जयदीप दुबे और उनके जीजा पंकज चौबे के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट करने और उन्हें घसीटने का गंभीर मामला सामने आया है।
गाड़ी टकराने से शुरू हुआ था विवाद
जयदीप दुबे के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे उनके घर के बाहर कुछ लड़कों की कार उनकी एक्टिवा से टकरा गई थी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ था। लड़कों ने उनके साथ अभद्रता, मारपीट और छेड़छाड़ की थी। इसी मामले की एफआईआर (FIR) दर्ज कराने जयदीप और उनके परिजन एरोड्रम थाने पहुंचे थे।
थाने में पुलिसकर्मियों ने की बर्बरता
जयदीप दुबे का आरोप है कि जब वे थाने पहुंचे, तो आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उन्हीं के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह, एसआई ध्रुव ठाकुर, आनंद सिंह, जितेंद्र मीणा, विजय शर्मा, प्रताप सिंह, सुमित यादव और सैनिक लखन ने उन्हें लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। जयदीप की पत्नी मधु दुबे ने भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की, गालियां दीं और उनके बाल पकड़कर उन्हें मारा।

विधायक समर्थकों का हंगामा, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
थाने में भाजपा कार्यकर्ता के साथ हुई इस बर्बरता की खबर मिलते ही विधायक गोलू शुक्ला के 400 से ज्यादा समर्थक एरोड्रम थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

हंगामा बढ़ता देख एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने देर रात टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह सहित 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया, जिसके बाद जाकर विधायक समर्थकों का विरोध शांत हुआ।

