खुरई: किसान की बाइक की डिक्की से एक लाख रुपए और पासबुक चोरी, CCTV कैमरे में कैद हुआ चोर
10 October 2026 • 02:33 pm

सागर जिले के खुरई में भूतेश्वर रेलवे फाटक के पास एक 69 वर्षीय किसान की बाइक की डिक्की से एक लाख रुपए नकद और बैंक पासबुक चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित किसान राजाराम ठाकुर, जो सेमरा घाट गांव के रहने वाले हैं, बाजार से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे।
किराना दुकान पर बातों में उलझाकर चोरी
जानकारी के अनुसार, राजाराम ठाकुर ने जिला सहकारी मर्यादित बैंक से एक लाख रुपए निकाले थे, जिसमें 100-100 रुपए की नौ और 50-50 रुपए की दो गड्डियां शामिल थीं। उन्होंने यह रकम और पासबुक एक थैले में रखकर बाइक की डिक्की में रख दी थी। बैंक से निकलने के बाद वे अक्षय जैन की किराना दुकान पर रुके। इसी दौरान एक अज्ञात लड़का उनके पास आया, समय पूछा और गुटखा लेकर चला गया। इसके बाद जब किसान ने अपनी डिक्की चेक की, तो रुपए और पासबुक वाला थैला गायब था।
मजदूरों को बांटने के लिए निकाली थी रकम
पीड़ित किसान ने बताया कि इस समय फसल का काम चल रहा है और उन्हें मजदूरों का भुगतान करना था। शनिवार और रविवार को बैंक अवकाश होने के कारण उन्होंने शुक्रवार को ही यह रकम निकाल ली थी ताकि मजदूरों को पैसे दिए जा सकें। चोरी की इस घटना के बाद किसान ने अपने बेटों अशोक कुमार और देशकुमार ठाकुर को इसकी जानकारी दी। शहरी थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश और मामले की जांच शुरू कर
दी है।

