रायसेन: बेगमगंज मंडी सचिव पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
8 October 2026 • 07:16 am

रायसेन जिले की बेगमगंज कृषि उपज मंडी में बुधवार को मंडी समिति सचिव अनुराग रघुकुल पर जानलेवा हमला हुआ। सचिव के अनुसार, जब वे मंडी परिसर में निरीक्षण कर रहे थे, तभी एक युवक ने उन पर चाकू और सरिए से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर और हाथ पर चोटें आई हैं। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों और हम्मालों ने तुरंत बीच-बचाव कर सचिव की जान बचा ली। घायल सचिव को इलाज के लिए बेगमगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले की यह पूरी घटना मंडी परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
15 दिन पहले की थी शिकायत
सचिव अनुराग रघुकुल ने बताया कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले मंडी परिसर में चल रहे अवैध सट्टे और शराबखोरी को लेकर पुलिस में शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने दो-तीन दिन तक मंडी का निरीक्षण भी किया था। सचिव ने आशंका जताई है कि बुधवार को उन पर हुआ यह जानलेवा हमला उसी शिकायत का नतीजा हो सकता है।

CCTV फुटेज में आरोपी की हुई पहचान
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी सौरभ शर्मा सचिव पर हमला करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। सचिव ने आरोप लगाया है कि उनकी पिछली शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामले में देरी की और आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया, जिससे उसके हौसले बुलंद हो गए।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। एसडीओपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लि
या जाएगा।

