Aacharan News
देश-विदेश• 5 days ago Breaking

खाटूश्याम जा रहे MP के 8 लोगों की दर्दनाक मौत: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से 15 फीट नीचे नाले में गिरी मिनी बस; सीटों के बीच फंसे मिले शव

17 October 2026 • 11:10 am

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें मध्य प्रदेश के 8 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में 7 लोग बैतूल जिले के मुलताई के और 1 व्यक्ति भोपाल का रहने वाला था।

खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, एक परिवार के सभी 23 सदस्य टेम्पो ट्रैवलर (मिनी बस) से भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब गाड़ी कोटा शहर से 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास पहुंची, तो मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। इस दुर्घटना में कुल 17 यात्री घायल हुए हैं।

अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ मुश्किलें आईं। ग्रामीणों ने बताया कि कई यात्रियों के शव सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। गाड़ी की खिड़कियां तोड़कर भी घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारियों की शुरुआती आशंका है कि यह हादसा ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुआ।

हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों के नाम

  • अरुणा पत्नी कमलेश झरबड़े, निवासी मुलताई, जिला बैतूल

  • वैष्णवी पुत्री यादुराव गांवड़े (25), निवासी मीरापुर, जिला बैतूल

  • त्रिशा पुत्री कृष्णाराव गोडके (22), निवासी पटन, जिला बैतूल

  • कृष्णाराव पुत्र बिट्टू भाई गोडके (55), निवासी पटन, जिला बैतूल

  • राजूरराम पुत्र राजकुमार गोडके, निवासी मुलताई, जिला बैतूल

  • ओम सूर्यवंशी पुत्र रामकिशोर किराड (26), निवासी मुलताई, जिला बैतूल

  • सचिन गिरी पुत्र कमलेश गिरी (27), निवासी भोपाल

  • अनिता कुनबी पत्नी राजकुमार कुनबी (50), निवासी भोपाल

डैशबोर्ड पर लटकी मिली एक बॉडी, रफ्तार इतनी तेज थी कि आगे का हिस्सा उड़ा

मौके पर राहत कार्य में जुटी टीम के एक सदस्य ने बताया कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरते वक्त सीधे बोनट की तरफ से टकराई होगी, क्योंकि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसा इतना भीषण था कि एक यात्री का शव डैशबोर्ड का कांच तोड़ते हुए बाहर आ गया था।

घायलों की स्थिति गंभीर, कई लोगों को दी गई सीपीआर

इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकतर घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है। सीटों के बीच फंसने के कारण यात्रियों को ज्यादा चोटें लगी हैं। अस्पताल लाए गए कई घायल बेहोशी की हालत में थे, जिन्हें तुरंत सीपीआर दी गई। कुछ गंभीर घायलों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी रखा गया है।

गांव में छाया मातम

मृतका अरुणा झरबड़े के देवर योगेश झरबड़े ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही घाट बिरोली और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के शव शनिवार को ही मुलताई के घाट बिरोली गांव पहुंचेंगे, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।