Aacharan News
मध्यप्रदेश • 13 days ago Breaking

हटा: पुतला दहन के दौरान TI के हाथ झुलसे, कांग्रेसियों ने पीएम, गृहमंत्री और CEC का पुतला फूंका

9 October 2026 • 03:12 am

दमोह जिले के हटा में गुरुवार को कांग्रेस के 'काला दिवस' प्रदर्शन के दौरान भारी हंगामा हुआ। बड़ा बाजार में पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस दौरान जलते हुए पुतले को छीनने के प्रयास में हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी के दोनों हाथ मामूली रूप से झुलस गए।

तीन पुतले जलाने की थी कोशिश

कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस बल ने जब पुतले छीनने का प्रयास किया, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भारी झूमाझटकी हुई। हालांकि, बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हटा के अध्यक्ष योगेश खटीक और शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपेश पटेरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार उमेश तिवारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई है।

जंतर-मंतर की घटना का विरोध

कांग्रेस का आरोप है कि दिल्ली में राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया था। इसी के विरोध में हटा में कांग्रेस नेताओं ने 'काला दिवस' मनाने का निर्णय लिया। तहसीलदार ने ज्ञापन आगे भेजने का आश्वासन दिया है।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र खटीक, घनश्याम यादव, रामनाथ राय, बृजेन्द्र कुसमरिया, राजेश यादव, सौरभ राय, विवेक सेन और जितेन्द्र वर्मन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता

मौजूद रहे।